जवाहर कला केंद्र के मेले में मिल रहीं अरब देशों के लिए बनी खास चीजें, वीडियो में जाने जयपुरवासी कर रहे जमकर खरीदारी
राजधानी जयपुर के जवाहर कला केंद्र में इन दिनों ‘शिल्पम आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस बार मेले की सबसे खास बात यह है कि यहां पहली बार ऐसी हस्तशिल्प और सजावटी वस्तुएं बेची जा रही हैं, जो मूल रूप से अरब देशों के बाजारों के लिए तैयार की गई थीं।व्यापारियों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और पश्चिम एशिया के खराब हालात के कारण इन सामानों का निर्यात नहीं हो सका। ऐसे में अब इन्हें जयपुर के बाजार में उतारा गया है, जहां लोग इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं।
मेले में खुर्जा की आकर्षक क्रॉकरी, सहारनपुर का बारीक नक्काशीदार फर्नीचर और मुरादाबाद के खूबसूरत पीतल के सामान सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहे हैं। इन वस्तुओं को खास तौर पर विदेशी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था। यही वजह है कि इनके डिजाइन, फिनिशिंग और कलाकारी में अलग ही भव्यता नजर आ रही है।मेले में पहुंचे लोगों का कहना है कि इस तरह की क्वालिटी और डिजाइन वाले उत्पाद सामान्य बाजारों में आसानी से देखने को नहीं मिलते। खासकर घर सजाने के सामान और हैंडमेड आइटम्स की मांग काफी बढ़ी हुई है। कई लोग विदेशी बाजारों के लिए तैयार किए गए इन प्रोडक्ट्स को “लक्जरी फिनिश” वाला बता रहे हैं।
शिल्पकारों और व्यापारियों का कहना है कि निर्यात रुकने से उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में जयपुर में आयोजित इस मेले ने उन्हें अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर दिया है। इससे स्थानीय खरीदारों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की कलाकृतियां देखने और खरीदने का मौका मिल रहा है।मेले में पारंपरिक भारतीय हस्तशिल्प के साथ आधुनिक डिजाइन का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेले में पहुंच रहे हैं और खरीदारी के साथ कला एवं संस्कृति का आनंद ले रहे हैं। जवाहर कला केंद्र में चल रहा यह मेला न सिर्फ कलाकारों और व्यापारियों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि जयपुरवासियों को भी विदेशी बाजारों के लिए तैयार किए गए खास उत्पादों का अनुभव दे रहा है।