जयपुर में शहजाद अली का खास अंदाज, वीडियो में देंखे फैंस के साथ गाया 'कारवां'; जवाहर सर्किल पर गूंज उठी आवाज
बॉलीवुड के मशहूर गायक शहजाद अली इन दिनों अपने नए म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के लिए गुलाबी नगरी जयपुर पहुंचे हुए हैं। जवाहर सर्किल पर चल रही शूटिंग के दौरान एक ऐसा भावुक और यादगार पल देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
निर्देशक अमन प्रजापत के निर्देशन में शहजाद अली अपने दो नए म्यूजिक वीडियो की शूटिंग कर रहे हैं। इसी दौरान कुछ युवा गिटार लेकर वहां पहुंचे और उन्होंने शहजाद अली का चर्चित गीत 'कारवां' गाना शुरू कर दिया। युवाओं की आवाज सुनकर शहजाद ने शूटिंग रोक दी और सीधे उनके पास पहुंच गए।
फैंस के साथ सुर में सुर मिलाए
शहजाद अली ने युवाओं की गायकी की जमकर तारीफ की और उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने खुद भी उनके साथ मिलकर 'कारवां' गीत गाया। जैसे ही शहजाद और युवाओं की आवाज एक साथ गूंजी, वहां मौजूद लोग इस खूबसूरत पल के गवाह बन गए।इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे माहौल में संगीत की मिठास फैल गई। गीत खत्म होने के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने शहजाद के इस सरल और प्रशंसकों से जुड़े अंदाज की खूब सराहना की।
जयपुर की खूबसूरत लोकेशन पर हो रही शूटिंग
शहजाद अली के नए म्यूजिक वीडियो की शूटिंग जयपुर की प्रमुख लोकेशन जवाहर सर्किल पर की जा रही है। वीडियो का निर्देशन अमन प्रजापत कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता सौरभ प्रजापत हैं।म्यूजिक वीडियो की सिनेमैटोग्राफी (DOP) की जिम्मेदारी आशीष कुमावत संभाल रहे हैं। इस गीत में शहजाद अली के साथ अभिनेत्री आकांक्षा भल्ला भी नजर आएंगी।
कलाकार और फैंस के बीच दिखा खास रिश्ता
शूटिंग के दौरान सामने आया यह नजारा कलाकार और प्रशंसकों के बीच के खास रिश्ते को दिखाता है। आमतौर पर शूटिंग में व्यस्त रहने वाले कलाकारों के लिए ऐसे मौके यादगार बन जाते हैं, जब वे सीधे अपने दर्शकों से जुड़ते हैं। जयपुर में शहजाद अली का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया। सोशल मीडिया पर भी इस खास पल की चर्चा हो रही है और फैंस उनके इस व्यवहार की तारीफ कर रहे हैं।