जयपुर में सनसनीखेज वारदात: रिटायर्ड कर्नल को बंधक बनाकर 2.20 लाख की लूट, वीडियो में देंखे पुलिस ने शुरू की जांच
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक रिटायर्ड सेना अधिकारी के साथ लूट की गंभीर वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर 71 वर्षीय पूर्व कर्नल को बंधक बना लिया और उनसे करीब 2 लाख 20 हजार रुपये लूट लिए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जयपुर के बगरू स्थित ओमेक्स सिटी में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे यह वारदात हुई। पीड़ित रिटायर्ड कर्नल उस समय घर पर अकेले टीवी देख रहे थे, तभी एक युवक गेट खोलकर अंदर घुस आया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था और उसके हाथ में चाकू तथा पैंट में पिस्टल रखी हुई थी। घर में घुसते ही उसने बुजुर्ग को धमकाना शुरू कर दिया और पैसों की मांग की।
जब रिटायर्ड कर्नल ने बताया कि घर में नकदी नहीं है, तो बदमाश ने उनका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उसने बुजुर्ग को बेहोश कर दिया और उनके हाथ-पैर व मुंह बांधकर उन्हें बेड पर पटक दिया।
आरोपी ने इसके बाद घर में रखी नकदी की तलाश की और करीब 2 लाख 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह खुद को मुक्त कर पुलिस को सूचना दे पाए।
घटना की जानकारी मिलते ही बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला गंभीर है और बदमाश की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, खासकर एकल बुजुर्ग नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।