आरटीओ की बड़ी कार्रवाई: अवैध बस बॉडी निर्माण इकाई का भंडाफोड़, वीडियो में देंखे 15 दिन पहले रजिस्टर्ड बसें निर्माणाधीन मिलीं
दिल्ली रोड स्थित खोले के हनुमान जी के पास गोविंद वाटिका क्षेत्र में आरटीओ प्रथम की उड़नदस्ता टीम ने एक अवैध बस बॉडी निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर दो बसें निर्माणाधीन अवस्था में मिलीं, जबकि परिसर में कई अन्य बसें भी बॉडी निर्माण के लिए खड़ी पाई गईं। जांच के दौरान सामने आए तथ्य ने परिवहन विभाग को भी चौंका दिया। बताया गया कि जिन दो बसों का निर्माण कार्य चल रहा था, उनका रजिस्ट्रेशन लगभग 15 दिन पहले ही मध्यप्रदेश के नीमच आरटीओ में किया जा चुका था, जबकि इन बसों की बॉडी का निर्माण अभी पूरी तरह से पूरा भी नहीं हुआ था।
इस स्थिति ने बसों के रजिस्ट्रेशन और बॉडी निर्माण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह मामला केवल अवैध निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क भी हो सकता है, जिसमें अलग-अलग राज्यों में नियमों को दरकिनार कर वाहनों का पंजीयन कराया जा रहा है।आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां न केवल परिवहन नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा मानकों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं। बिना निर्धारित मानकों के बसों के निर्माण और समय से पहले रजिस्ट्रेशन होने से कई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां सामने आ सकती हैं।
कार्रवाई के बाद पूरे परिसर की जांच की गई और वहां मौजूद दस्तावेजों को भी जब्त किया गया है। परिवहन विभाग अब इस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध निर्माण और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल हैं।अधिकारियों का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए संबंधित राज्यों के आरटीओ कार्यालयों से भी जानकारी साझा की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।फिलहाल इस कार्रवाई के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और आगे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।