जयपुर में कार के अंदर मिला रेजिडेंट डॉक्टर का शव, फुटेज में देंखे दम घुटने से मौत की आशंका
जयपुर में सोमवार दोपहर एक कार के अंदर रेजिडेंट डॉक्टर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सड़क किनारे खड़ी कार में पेट्रोल खत्म होने के बाद वाहन बंद हो गया और भीषण गर्मी के कारण दम घुटने से डॉक्टर की मौत हो गई।
मृतक की पहचान डॉ. संदीप कुमार शर्मा (पुत्र ओमप्रकाश शर्मा) के रूप में हुई है, जो झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी के रहने वाले थे। वह एसएमएस मेडिकल कॉलेज के स्किन (त्वचा रोग) विभाग में प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे राहगीरों ने बर्फखाना के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में युवक के बेसुध पड़े होने की सूचना आदर्श नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार के दरवाजे खोलने का प्रयास किया। कार लॉक होने के कारण पुलिस ने पहले अंदर बैठे युवक को आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर लॉक खोला और अंदर पहुंची। जांच करने पर ड्राइवर सीट पर बैठे युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।