जलमहल के सामने 'मिसमैच्ड 4' की शूटिंग, वीडियो में देंखे रणविजय सिंह और विद्या मालवड़े ने बाइक सीन से जयपुर में जमाया रंग
राजस्थान की खूबसूरत लोकेशंस एक बार फिर फिल्म और वेब सीरीज निर्माताओं की पसंद बनी हुई हैं। नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज 'मिसमैच्ड' के चौथे और अंतिम सीजन की शूटिंग इन दिनों राजस्थान में चल रही है। जयपुर शेड्यूल के आखिरी चरण में मंगलवार देर रात सीरीज की शूटिंग शहर की ऐतिहासिक और खूबसूरत लोकेशन जलमहल के सामने की गई।
शूटिंग के दौरान बॉलीवुड अभिनेता रणविजय सिंह और 'चक दे इंडिया' फेम अभिनेत्री विद्या मालवड़े नजर आए। दोनों कलाकारों के खास सीक्वेंस को कैमरे में कैद किया गया। जैसे ही शूटिंग की जानकारी प्रशंसकों को मिली, बड़ी संख्या में लोग जलमहल क्षेत्र में पहुंच गए। देर रात तक मौके पर फिल्मी माहौल बना रहा और लोग अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।
जलमहल के सामने फिल्माया गया खास सीन
शूटिंग के दौरान विद्या मालवड़े को रॉयल एनफील्ड बुलेट चलाते हुए फिल्माया गया। इस सीन में अभिनेता रणविजय सिंह बाइक के पीछे बैठे दिखाई दिए। कैमरे में कैद किया गया यह दृश्य सीरीज के महत्वपूर्ण हिस्सों में शामिल बताया जा रहा है।निर्माताओं ने इस सीन को वास्तविक दिखाने के लिए खास तकनीक का इस्तेमाल किया। बाइक राइडिंग के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। शूटिंग के लिए बाइक को एक विशेष शूटिंग ट्रक से सुरक्षा उपकरणों की मदद से बांधा गया था। इससे कैमरे पर बाइक चलाने का अनुभव बिल्कुल वास्तविक नजर आए, लेकिन कलाकारों की सुरक्षा भी सुनिश्चित रहे।
कई कैमरा एंगल से शूट हुआ सीन
सीरीज की कैमरा यूनिट ने इस बाइक सीन को कई अलग-अलग एंगल से शूट किया। शूटिंग टीम ने लाइटिंग, कैमरा मूवमेंट और बैकग्राउंड लोकेशन को ध्यान में रखते हुए लंबे समय तक काम किया। जलमहल की ऐतिहासिक खूबसूरती ने इस सीन को और खास बना दिया।
राजस्थान बना फिल्म शूटिंग का पसंदीदा ठिकाना
राजस्थान की विरासत, महल, किले और प्राकृतिक खूबसूरती लगातार फिल्म और वेब सीरीज निर्माताओं को आकर्षित कर रही है। जयपुर की ऐतिहासिक इमारतें और शाही लोकेशन कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन चुकी हैं। 'मिसमैच्ड 4' की शूटिंग के लिए भी जयपुर की कई जगहों को चुना गया है।
'मिसमैच्ड' युवाओं के बीच लोकप्रिय वेब सीरीज है, जिसमें रिश्तों, दोस्ती और आधुनिक जीवनशैली को कहानी के रूप में दिखाया गया है। इसके पहले तीन सीजन को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब चौथा सीजन इस सीरीज का अंतिम सीजन होगा, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्सुकता है।जयपुर में चल रही शूटिंग ने एक बार फिर शहर के पर्यटन स्थलों को सुर्खियों में ला दिया है। जलमहल पर रणविजय सिंह और विद्या मालवड़े की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों और प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया।