राजस्थान को 72 घंटे बाद मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ ने एक बार फिर राजस्थान में मौसम बदल दिया है। शनिवार को कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। जिसके कारण तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार मई के पहले सप्ताह में आंधी, तूफान और बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट आने की प्रबल संभावना है।
श्रीगंगानगर जिले में धूल भरी आंधी
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हुई तथा श्रीगंगानगर जिले में धूल भरी आंधी चली। वनस्थली (टोंक) और डीडवाना (नागौर) में अधिकतम 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। विभाग के अनुसार रविवार को राज्य में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख जिलों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को अजमेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री, अलवर में 40.1 डिग्री, जयपुर में 39.5 डिग्री, सीकर में 38.5 डिग्री, कोटा में 42.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 42.8 डिग्री, बाड़मेर में 43.9 डिग्री, जैसलमेर में 43.5 डिग्री, जोधपुर में 41.3 डिग्री, बीकानेर में 43.2 डिग्री, चूरू में 41.3 डिग्री और श्रीगंगानगर में 43.5 डिग्री तथा माउंट आबू में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
29-30 अप्रैल को बहुत गर्मी पड़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। जिसके चलते जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने और अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री तक पहुंचने की प्रबल संभावना है। जोधपुर संभाग में आज से ही भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। इसके अलावा 28-29 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में लू चलने और रातें गर्म रहने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर 29-30 अप्रैल को भीषण गर्मी पड़ सकती है।