राजस्थान रॉयल्स की नई जर्सी लॉन्च, फुटेज में देंखे इस बार नीले रंग में मैदान पर उतरेगी टीम
Indian Premier League (आईपीएल) 2026 के नए सीजन से पहले Rajasthan Royals ने अपनी नई जर्सी लॉन्च कर दी है। इस बार टीम के खिलाड़ी मैदान पर नीले रंग की जर्सी में नजर आएंगे। आगामी सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है और इससे पहले टीम ने अपने नए लुक को फैंस के सामने पेश किया।
जयपुर में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में टीम की नई जर्सी का आधिकारिक अनावरण किया गया। इस मौके पर टीम के प्रमुख खिलाड़ी Ravindra Jadeja, युवा खिलाड़ी Vaibhav Suryavanshi और Yashraj Poonja मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने नई जर्सी पहनकर टीम के आगामी सीजन के लिए उत्साह भी जाहिर किया।
पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम अपनी पारंपरिक पिंक जर्सी में मैदान पर उतरी थी, जो टीम की पहचान मानी जाती रही है। हालांकि इस बार फ्रेंचाइजी ने बदलाव करते हुए नीले रंग की जर्सी को अपनाया है, जिसे लेकर फैंस में भी काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। टीम प्रबंधन का मानना है कि नए सीजन में नया रंग टीम के लिए नई ऊर्जा और नया जोश लेकर आएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान हाल ही में टीम में शामिल हुए ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। गौरतलब है कि जडेजा की वापसी चेन्नई सुपरकिंग्स से राजस्थान रॉयल्स में हुई है। उन्होंने कहा कि टीम के साथ जुड़कर वह काफी उत्साहित हैं और अपने अनुभव से टीम को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे।
जडेजा ने कहा, “मैं टीम को अपनी राय और सुझाव दूंगा। टीम की बेहतरी के लिए जो भी जरूरी होगा, मैं उसे करने के लिए तैयार हूं। बतौर सीनियर खिलाड़ी आपको हमेशा टीम के लिए थोड़ी ज्यादा जिम्मेदारी उठानी पड़ती है। आप टीम के लिए जो भी योगदान देते हैं, वही सबसे महत्वपूर्ण होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि टीम में युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी काफी सकारात्मक है और अनुभव तथा युवा जोश का यह मिश्रण राजस्थान रॉयल्स को इस सीजन में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद कर सकता है। जडेजा के अनुसार, किसी भी टीम की सफलता के लिए सामूहिक प्रयास और एकजुटता बेहद जरूरी होती है।
आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स भी नई रणनीति और नए जोश के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। फैंस को उम्मीद है कि नई जर्सी के साथ टीम इस बार टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करेगी और खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश करेगी। 🏏