राजस्थान में 29 मार्च तक बारिश का अलर्ट, वीडियो में देंखे कई जिलों में मौसम ने बदला मिजाज
राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में 29 मार्च तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के चार जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे कई इलाकों में मौसम के और बिगड़ने की संभावना है।प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने के कारण बुधवार दोपहर बाद से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। बीकानेर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान पर बादल छाए रहे, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
बीकानेर जिले के कई हिस्सों में दोपहर बाद धूलभरी तेज हवाएं चलीं, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। वहीं राजधानी जयपुर में शाम के समय मौसम अचानक बदला और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। अचानक बदले मौसम के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट देखी गई।मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले लगभग 15 दिनों में राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में रुक-रु कर बारिश हुई है। इस लगातार बारिश के कारण इस बार मार्च में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस नहीं की गई और तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहा है।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि आंधी-बारिश का यह सिलसिला आने वाले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।मार्च के अंतिम दिनों में भी राजस्थान के अधिकतर जिलों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज देखने को मिलेगा, जिससे एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर खेतों और जनजीवन पर मिश्रित प्रभाव पड़ने की संभावना भी जताई जा रही है। कुल मिलाकर, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।