SMS अस्पताल में RGHS व्यवस्था पर सवाल, फुटेज में देंखे पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने जताई नाराजगी
राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में राज्य सरकार की RGHS (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने अस्पताल में हुई अव्यवस्था को लेकर गंभीर नाराजगी जताई है।जानकारी के अनुसार, डॉ. रघु शर्मा रूटीन स्वास्थ्य जांच के लिए 23 मार्च (सोमवार) को SMS अस्पताल पहुंचे थे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें MRI कराने की सलाह दी। इसके बाद जब वह MRI कराने के लिए संबंधित विभाग पहुंचे, तो उन्हें RGHS के तहत प्रक्रिया पूरी करने के लिए वापस धनवंतरी ब्लॉक जाने को कहा गया।
इस प्रक्रिया से असुविधा महसूस करते हुए पूर्व मंत्री ने व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अंततः MRI जांच बाहर से निजी खर्च पर करवाई। उन्होंने कहा कि कैशलेस इलाज की सुविधा होने के बावजूद मरीजों को इस तरह की प्रक्रियात्मक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।डॉ. रघु शर्मा ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि एक सामान्य रूप से सक्षम व्यक्ति को भी इस तरह इधर-उधर भटकना पड़े, तो सोचिए उन मरीजों की क्या स्थिति होगी जो गंभीर हालत में हों या जिनकी आवाजाही सीमित हो। उन्होंने कहा कि ट्रॉली पर लेटे हुए मरीज या बुजुर्गों को इस तरह अलग-अलग ब्लॉकों के चक्कर लगवाना व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभाग से इस प्रक्रिया को सरल और मरीज-हितैषी बनाने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।इस घटना के बाद RGHS व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है और मरीजों की सुविधा को लेकर सुधार की मांग उठने लगी है।