जयपुर में थानेदार 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, फुटेज में देखें सड़क निर्माण नहीं रोकने के बदले मांगी थी घूस
जयपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सांभरलेक थानाधिकारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ACB की टीम ने थानाधिकारी राममिलन मीणा को थाने के अंदर ही रिश्वत लेते पकड़ा। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने थानाधिकारी के घर पर भी तलाशी ली। आरोप है कि सड़क निर्माण का काम बिना किसी रुकावट के जारी रखने के बदले थानाधिकारी ने ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी।
थाने में ही किया गया ट्रैप
जानकारी के अनुसार ठेकेदार की फर्म को हाल ही में सांभर क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम मिला था। यह निर्माण कार्य अगले साल फरवरी तक चलना प्रस्तावित है। काम शुरू होने के बाद थानाधिकारी राममिलन मीणा कथित तौर पर ठेकेदार से रिश्वत की मांग कर रहे थे।
ठेकेदार ने इस संबंध में ACB मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि थानाधिकारी सड़क निर्माण कार्य में किसी तरह की रुकावट नहीं डालने और काम को बिना रोक-टोक जारी रखने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। रविवार दोपहर एडिशनल एसपी एसीबी भूपेन्द्र के नेतृत्व में टीम सांभरलेक थाने पहुंची। यहां तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम लेते ही थानाधिकारी राममिलन मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया।
सड़क निर्माण रोकने का बनाया दबाव
ACB डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ठेकेदार को PWD की ओर से वर्क ऑर्डर मिला था। इसके तहत सांभर इलाके में सड़क निर्माण का काम किया जा रहा था। ठेकेदार का आरोप था कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने के बदले थानाधिकारी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायतकर्ता ने ACB को बताया कि उससे 50 हजार रुपए देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद ब्यूरो ने शिकायत की जांच कर आरोपों का सत्यापन कराया और फिर ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी के घर पर भी तलाशी
रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद ACB टीम ने थानाधिकारी राममिलन मीणा के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया। टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की। तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।
फरवरी तक चलना है सड़क निर्माण
ठेकेदार की फर्म को सांभर क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम हाल ही में मिला था। यह प्रोजेक्ट अगले साल फरवरी तक चलना है। आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होते ही थानाधिकारी की ओर से रिश्वत की मांग की जाने लगी।
ACB की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। ब्यूरो अब रिश्वत मांगने और लेने के आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी।