जयपुर में चार जगह शुरू हुए पिंक बूथ, वीडियो में जानें सुबह 6 से रात 10 बजे तक तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी; 1090 और 112 की मिलेगी मदद
जयपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए शहर के चार प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा एवं सहायता बूथ यानी पिंक बूथ शुरू किए गए हैं। शनिवार को डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने जवाहर सर्किल पर बने पिंक बूथ का उद्घाटन किया। वहीं, तीन अन्य पिंक बूथ का वर्चुअल उद्घाटन किया गया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पहले चरण में शहर के चार प्रमुख स्थानों पर पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर महिला पुलिसकर्मी सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो शिफ्टों में तैनात रहेंगी। किसी भी महिला या बालिका को परेशानी होने पर यहां तत्काल पुलिस सहायता, शिकायत दर्ज कराने के संबंध में मार्गदर्शन और जरूरी सहयोग मिलेगा।
छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा की शिकायतों पर मिलेगी मदद
पिंक बूथ पर छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार और घरेलू हिंसा सहित महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं में पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
इन बूथों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल, प्राथमिक उपचार और सैनिटरी पैड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर पुलिस और पीसीआर से तत्काल संपर्क करने की सुविधा भी मिलेगी।
CCTV और QR कोड से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक बूथों पर सीसीटीवी कैमरे, राजकॉप सिटीजन ऐप और क्यूआर कोड आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इसके अलावा महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करने में महिलाओं की मदद की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य पिंक बूथ के जरिए सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें तुरंत सहायता मिल सके।