मोतीडूंगरी मंदिर में पार्किंग विवाद, वीडियो में जाने महिला थानेदार और कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट, मामला दर्ज
राजधानी जयपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोतीडूंगरी गणेश मंदिर परिसर में पार्किंग को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक महिला थानेदार और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय में तैनात महिला थानेदार शनिवार दोपहर अपने बच्चों के साथ दर्शन के लिए मंदिर पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी को रास्ते के पास खड़ा कर दिया, जिस पर ड्यूटी पर मौजूद कॉन्स्टेबल ने आपत्ति जताई।
कॉन्स्टेबल हरवेन्द्र ने कथित तौर पर उन्हें वाहन हटाने के लिए कहा, जिस पर महिला थानेदार ने कुछ समय में वापस आने की बात कही। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि महिला थानेदार ने कॉन्स्टेबल को धक्का दिया, जिसके बाद कॉन्स्टेबल ने भी प्रतिक्रिया में मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया और थाने ले जाया गया।
इसके बाद महिला थानेदार ने मोतीडूंगरी थाने में कॉन्स्टेबल हरवेन्द्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह घटना पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और सार्वजनिक स्थानों पर व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर रही है।