जयपुर में युवती को दोस्ती के लिए परेशान कर रहा था युवक, वीडियो में जाने मना करने पर फोटो वायरल करने की धमकी; कालिका टीम ने दबोचा
जयपुर में एक युवती को जबरन दोस्ती करने के लिए परेशान करने और मना करने पर उसकी फोटो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक लगातार युवती को कॉल और मैसेज कर परेशान कर रहा था। वह युवती पर बात करने और दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।परेशान होकर युवती ने जयपुर पुलिस की महिला पेट्रोलिंग कालिका टीम से शिकायत की। शिकायत मिलते ही टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नितिन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कॉल और मैसेज कर बना रहा था दबाव
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के अनुसार महिला पेट्रोलिंग कालिका टीम को एक युवती ने कॉल कर शिकायत दी थी। युवती ने बताया कि नितिन नाम का युवक उसे लगातार फोन और मैसेज कर परेशान कर रहा है।पीड़िता के मुताबिक आरोपी जबरन उससे बात करना चाहता था और दोस्ती करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। युवती ने जब उससे बात करने से मना किया तो युवक का व्यवहार और आक्रामक हो गया।
विरोध करने पर दी फोटो वायरल करने की धमकी
युवती ने पुलिस को बताया कि उसने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आरोप है कि युवक जोर-जोर से चिल्लाकर उसे धमकाने लगा। उसने कथित तौर पर कहा कि अगर युवती उससे बात नहीं करेगी तो उसे सबक सिखाएगा।इसके साथ ही आरोपी ने युवती की फोटो वायरल करने की धमकी भी दी। लगातार फोन, मैसेज और धमकियों से परेशान युवती ने आखिरकार पुलिस से मदद मांगी।
शिकायत मिलते ही कालिका टीम ने की कार्रवाई
युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला पेट्रोलिंग कालिका टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी युवक नितिन को तलाश कर पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे थाने ले जाया गया और हवालात में बंद किया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी युवती को कितने समय से परेशान कर रहा था और क्या उसने पहले भी उसे किसी तरह की धमकी दी थी।
युवतियों की सुरक्षा के लिए सक्रिय है कालिका टीम
जयपुर पुलिस की महिला पेट्रोलिंग कालिका टीम महिलाओं और युवतियों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के लिए सक्रिय रहती है। इस मामले में भी शिकायत मिलने के बाद टीम ने बिना देरी किए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।पुलिस का कहना है कि महिलाओं और युवतियों को परेशान करने, पीछा करने, धमकाने या सोशल मीडिया पर फोटो और निजी जानकारी वायरल करने की धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया है। मामले में आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।