SI भर्ती पेपर लीक मामले में बड़ी गिरफ्तारी, फुटेज में देंखे राजस्थान बेवरेज कॉर्पोरेशन का डिपो मैनेजर अरेस्ट
Rajasthan में चर्चित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। राजस्थान राज्य बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के डिपो मैनेजर लोकेंद्र पंडया को गिरफ्तार किया गया है। एसओजी की टीम ने लोकेंद्र पंडया को डूंगरपुर जिले के वरदा स्थित उसके घर से हिरासत में लिया।जांच एजेंसी के अनुसार लोकेंद्र पंडया के भाई कुंदन कुमार पंडया ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पूर्व सदस्य Babulal Katara से कथित तौर पर 50 लाख रुपए में परीक्षा का पेपर खरीदा था। बताया जा रहा है कि यह सौदा अपनी बेटी समेत अन्य अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया था।
एसओजी की जांच में सामने आया कि इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। साल 2025 में कुंदन कुमार पंडया, उसकी बेटी रिद्धि, लोकेंद्र पंडया की बेटी नेहा और बेटे नैतिक को गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर लीक नेटवर्क में परिवार के कई सदस्य किसी न किसी रूप में जुड़े हुए थे।मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद एसओजी ने लोकेंद्र पंडया को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। अब उससे पूछताछ की जा रही है ताकि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
एसओजी अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और कई अहम सुराग मिले हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला हुआ था और इसमें किन-किन अधिकारियों तथा अभ्यर्थियों की भूमिका रही।SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामला राजस्थान की सबसे चर्चित भर्ती घोटालों में से एक माना जा रहा है। इस मामले में पहले भी कई सरकारी कर्मचारी, दलाल और अभ्यर्थी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पेपर लीक के आरोपों के बाद भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे थे और युवाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भरोसे को कमजोर करती हैं। लंबे समय तक तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को इससे सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है। फिलहाल एसओजी लोकेंद्र पंडया से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।