जयपुर में ATM बूथ पर 42 लाख की लूट, फुटेज में देखें पिस्तौल दिखाकर बैंककर्मियों से बैग छीना; 30 सेकेंड में वारदात
जयपुर में सोमवार सुबह दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ में घुसकर बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंककर्मियों से 42 लाख रुपए लूट लिए। दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे और उन्होंने बैंक कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर डराया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग छीनकर दोनों बाइक से फरार हो गए। पूरी वारदात महज 30 सेकेंड में अंजाम देने की बात सामने आई है।
ATM की डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने पहुंचे थे बैंककर्मी
जानकारी के अनुसार बैंककर्मी सोमवार सुबह करीब पौने 11 बजे ATM बूथ में लगी डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने पहुंचे थे। उनके पास बड़ी रकम मौजूद थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे।
दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था। उन्होंने ATM बूथ के अंदर पहुंचते ही बैंक कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर धमकाया। हथियार के डर से बैंक कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया।
धक्का-मुक्की के बाद बाइक से फरार
रुपयों से भरा बैग छीनने के दौरान बदमाशों और बैंक कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से ATM बूथ से बाहर निकले और बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है। फुटेज के मुताबिक बदमाशों ने बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कराई नाकाबंदी
लूट की सूचना मिलते ही रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली और वारदात के संबंध में जरूरी तथ्य जुटाए। इसके बाद आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराई गई।
पुलिस ने बदमाशों के संभावित भागने वाले रास्तों पर भी नजर रखी, लेकिन फिलहाल बाइक सवार दोनों लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस वारदात स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में बदमाशों के हुलिए और बाइक से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने वारदात से पहले बैंककर्मियों की रेकी की थी या नहीं।
42 लाख रुपए जैसी बड़ी रकम की जानकारी बदमाशों तक कैसे पहुंची, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। बैंककर्मियों से पूछताछ के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
दिनदहाड़े ATM बूथ पर हुई इस लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।