जयपुर में गूंजा ‘केसरिया बालम’, वीडियो में देंखे पद्मश्री अनवर खान की प्रस्तुति ने मोहा मन
राजधानी जयपुर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान की लोक संस्कृति की अद्भुत झलक देखने को मिली। पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकार अनवर खान मांगणियार ने जब मशहूर ‘केसरिया बालम’ गीत की प्रस्तुति दी, तो पूरा माहौल सुरों से सराबोर हो गया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी ताली बजाकर उनकी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान अनवर खान अल्बर्ट हॉल के अंदर से चलते हुए मंच तक पहुंचे, जिसने प्रस्तुति को और भी खास बना दिया। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों की खूबसूरती और सांस्कृतिक विविधता को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया।
‘केसरिया बालम’ के बाद उन्होंने आने वाले गणगौर पर्व को ध्यान में रखते हुए गणगौर गीत भी सुनाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गणगौर का त्योहार नजदीक है, जो राजस्थान की समृद्ध परंपरा और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में केवल संगीत ही नहीं, बल्कि नृत्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक शैली में नृत्य कर राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। विशेष रूप से महाराणा प्रताप के शौर्य और युद्ध कौशल की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इसके अलावा जयपुर की प्रसिद्ध गणगौर झांकी को भी मंच पर खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने नृत्य और अभिनय के जरिए इस झांकी को जीवंत किया, जिससे दर्शकों को पारंपरिक उत्सव का अनुभव हुआ।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की और इसे यादगार बताया।