जयपुर नगर निगम चुनाव: दोपहर 3 बजे तक 48.58% मतदान, फुटेज में जाने कई बूथों पर EVM खराब होने की शिकायत; फर्जी वोटिंग के आरोप
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक शहर में 48.58 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। हालांकि, कुछ जगहों पर EVM खराब होने और फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर विवाद भी सामने आए।मतदान के दौरान कुछ बूथों पर ईवीएम बंद होने की शिकायत मिली, जिसके कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। प्रशासन ने तकनीकी टीमों को भेजकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई।
वार्ड 49 और 101 में फर्जी वोटिंग के आरोप
जयपुर नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 49 और वार्ड 101 में फर्जी वोटिंग के आरोप लगे हैं।वार्ड 101 के पानीपेंच वाटर वर्क्स मतदान केंद्र पर निर्दलीय प्रत्याशी विष्णु ब्याणी के समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। इसको लेकर मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया।
वहीं, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
वार्ड 62 में मतदान प्रक्रिया पर आपत्ति
वार्ड 62 में निर्दलीय प्रत्याशियों और कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से मतदान प्रक्रिया को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है।प्रत्याशियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि इस बूथ पर करीब 150 शिफ्टेड वोटर्स के फर्जी वोट डाले गए हैं। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह EVM खराब होने की शिकायतें
मतदान शुरू होने के बाद सुबह कई मतदान केंद्रों से EVM खराब होने की शिकायतें सामने आईं। कुछ जगहों पर मशीनों में तकनीकी दिक्कत आने से मतदान प्रक्रिया धीमी हुई।निर्वाचन विभाग ने कहा कि जहां भी तकनीकी समस्या आई, वहां तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था कर मतदान सुचारू कराया गया।
सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान
जयपुर नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।150 वार्डों में हो रहे मतदान में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना के जरिए परिणाम घोषित किए जाएंगे।