जयपुर में बेटी ने प्रॉपर्टी और नौकरी के लिए रची मां की हत्या की साजिश, वीडियो में जाने 7 लाख की सुपारी देकर स्कॉर्पियो से कुचलवाया; 7 गिरफ्तार
जयपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी विवाद और सरकारी नौकरी पाने की चाह में एक बेटी ने अपनी ही मां की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि उसने अपने ताऊ, चचेरे भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर 7 लाख रुपये की सुपारी देकर मां की हत्या करवाई। इस मामले में पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 3 जुलाई की शाम करीब 4:45 बजे प्रताप नगर थाना क्षेत्र में हुई थी। मंगलवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो महिला को टक्कर मारती दिखाई दे रही है।
130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो ने करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से महिला को टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला करीब 100 फीट दूर जाकर गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ।
बेटी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
रंजीता शर्मा के अनुसार, मृतका और उसकी बेटी आयुषी के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा, बेटी अपने दिवंगत पिता के स्थान पर मिलने वाली सरकारी नौकरी चाहती थी।पुलिस का दावा है कि जब मां ने स्वयं नौकरी जॉइन कर ली, तो बेटी ने कथित तौर पर मां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई ताकि उसे अनुकंपा नियुक्ति मिल सके।
ताऊ और रिश्तेदार भी साजिश में शामिल
जांच में सामने आया कि आयुषी ने अपने ताऊ मोहन स्वरूप के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे।आरोप है कि आयुषी, मोहन स्वरूप और उसके बेटे बलराम उर्फ रवि ने कथित सुपारी किलर हेमंत शर्मा को घर बुलाया और महिला की हत्या के बदले 7 लाख रुपये देने का सौदा किया।
7 आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
पुलिस ने सोमवार रात कार्रवाई करते हुए बेटी, उसके ताऊ समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई है।जांच एजेंसियां अब आरोपियों से पूछताछ कर साजिश के हर पहलू की जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की योजना कब बनाई गई और इसमें किन-किन लोगों की क्या भूमिका रही।
पुलिस जुटा रही मजबूत सबूत
पुलिस के अनुसार, मामले में सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी प्रमाण जुटाए जा रहे हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला जयपुर में हाल के समय की सबसे चर्चित आपराधिक घटनाओं में शामिल हो गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश की जाएगी।