जयपुर में थार ने स्कूटी सवार युवक को कुचला, 15 फीट तक घसीटा; CCTV में कैद हुआ हादसा
जयपुर के राजापार्क इलाके में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार युवक और स्कूटी को करीब 15 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे जवाहर नगर थाना इलाके के उदय मार्ग की बताई जा रही है। हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है।
चिकन हंट से खाना पहुंचाने जा रहा था युवक
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान विजय पासवान पुत्र प्रेमचंद के रूप में हुई है। विजय आदर्श नगर स्थित चिकन हंट में काम करता है।मंगलवार रात वह चिकन हंट से जवाहर नगर टीला नंबर-7 पर अपने दोस्तों के घर खाना देने जा रहा था। बताया जा रहा है कि विजय सामान्य गति से स्कूटी चलाते हुए चौराहा पार कर रहा था।
ब्लैक थार ने मारी जोरदार टक्कर
इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही ब्लैक थार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद थार की चपेट में आने से विजय सड़क पर गिर गया और वाहन उसे स्कूटी समेत कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विजय को तुरंत SMS हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने में रखवा दिया है।पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर थार चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच में तेजी लाई गई है। CCTV फुटेज में थार की टक्कर और उसके बाद का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। पुलिस वाहन नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर फरार चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।