जयपुर में थार से युवक को पहले मारी टक्कर, फिर बैक करके कुचला; फुटेज में देंखे घर का इकलौता बेटा था गणेश
जयपुर में गुरुवार को तेज रफ्तार थार से हुए हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरोप है कि थार चालक ने पहले पैदल जा रहे युवक को टक्कर मारी और फिर गाड़ी को पीछे लेकर उसे कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मृतक की पहचान शास्त्रीनगर इलाके की स्वामी बस्ती निवासी गणेश स्वामी के रूप में हुई है। वह घर का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।हादसा दोपहर करीब एक बजे नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में हुआ। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
पहले टक्कर मारी, फिर बैक करके कुचलने का आरोप
जानकारी के अनुसार, गणेश स्वामी अपने घर के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे पीछे किया और युवक को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल गणेश की मौत हो गई।घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। फुटेज में थार से युवक को टक्कर लगने और इसके बाद गाड़ी के पीछे होने की घटना सामने आने की बात कही जा रही है।
18 भाई-बहनों की मौत के बाद हुआ था गणेश का जन्म
गणेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के मुताबिक, वह 18 भाई-बहनों की मौत के बाद पैदा हुआ था और परिवार का इकलौता बेटा था। ऐसे में उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।धरने के दौरान गणेश की बहन ललिता का दर्द भी सामने आया। उन्होंने भावुक होकर कहा, "मेरे भाई के हत्यारे की लाश मेरी गोद में दे दो, जैसे मैं अपने भाई की लाश को गोद में लेकर बैठी हूं।"
परिजनों ने जानबूझकर कुचलने का लगाया आरोप
घटना के बाद गणेश के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसे सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार किया। उनका आरोप है कि चालक ने जानबूझकर गणेश को कुचला। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए धरना दिया।
पुलिस ने थार जब्त कर आरोपी को किया गिरफ्तार
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ सेकेंड बजरंग सिंह ने बताया कि हादसे में गणेश स्वामी (40) की मौत हुई है। पुलिस ने मामले में बंधा बस्ती निवासी शाहरुख और अरशद को डिटेन किया था। साथ ही थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हादसे के समय अरशद ही गाड़ी चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने अरशद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शाहरुख को छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।