जयपुर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी, वीडियो में देखें एक की मौत; पांच घायल, एक की हालत गंभीर
जयपुर में निवारू रोड बाइपास पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर तीन बार पलट गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
हादसे में उदयपाल नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। उसका शव कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर घायल परमवीर सिंह को सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में गंभीर चोट आई है और कान से खून निकल रहा था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
कार में सवार थे छह लोग
करधनी थाने के एसआई मुकेश के अनुसार, हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए। घायलों में मूंडियावास निवासी भारत सिंह और भीम सिंह तथा ब्यावर निवासी सुरेंद्र सिंह सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। इन चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
टक्कर के बाद कार से बाहर उछले तीन लोग
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, वह रात में अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान निवारू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त कार और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार सामने आई है, लेकिन वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ और डिवाइडर से टकराने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।