जयपुर में डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर छात्रा से छेड़छाड़, वीडियो में देखें विरोध करने पर मारपीट; आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में डेटिंग ऐप के जरिए एक छात्रा से दोस्ती करने और फिर उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर छात्रा से बातचीत शुरू की थी। इसके बाद उसे कॉलेज के बाहर मिलने बुलाया और अपनी कार में घुमाने ले गया। इस दौरान आरोपी ने छात्रा को बीयर पिलाई। जब छात्रा ने कॉलेज छोड़ने के लिए कहा तो युवक ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गर्दन पकड़कर कार से भिड़ा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार और आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
Bumble ऐप पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को पीड़िता ने हॉस्टल वार्डन के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई थी। छात्रा ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी डेटिंग ऐप Bumble के जरिए एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। युवक ने अपनी असली पहचान छिपाते हुए उसे अपना नाम ‘दर्शील’ बताया था। दोनों के बीच करीब दो दिन से बातचीत हो रही थी।
पीड़िता के अनुसार, 19 नवंबर को युवक ने उसे कॉलेज के बाहर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे अपनी काले रंग की क्रेटा कार में बैठाकर घुमाने ले गया। इस दौरान आरोपी ने छात्रा को बीयर पिलाई और कुछ खाने के लिए भी लेकर गया।
शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपी से उसे कॉलेज छोड़ने के लिए कहा तो वह गुस्सा हो गया। आरोप है कि युवक उससे शारीरिक संबंध बनाने की बात करने लगा। छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके सीने पर हाथ लगाया और गलत तरीके से छूने लगा।
पीड़िता ने जब विरोध करते हुए कार से उतरकर जाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने छात्रा की गर्दन पकड़कर उसे कार से भिड़ा दिया, जिससे उसे चोट आई।
लोगों को आता देख मौके से भागा आरोपी
घटना के दौरान आसपास लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने हॉस्टल वार्डन को पूरी घटना बताई और उनके साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार और आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।