जयपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़, फुटेज में देंखे 45 सिलेंडर जब्त; आरोपी फरार
राजधानी जयपुर की खोह नागोरियान थाना पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 45 गैस सिलेंडर और गैस ट्रांसफर में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। हालांकि, पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
थाना प्रभारी प्रकाश राम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खोह नागोरियान क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से छोटे और व्यावसायिक सिलेंडरों में गैस भरी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
45 सिलेंडर और गैस ट्रांसफर का सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 45 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 31 घरेलू गैस सिलेंडर, 9 व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 5 अप्रमाणित छोटे गैस सिलेंडर शामिल हैं।इसके अलावा पुलिस ने गैस ट्रांसफर में इस्तेमाल होने वाला रेगुलेटर, रबर पाइप, गैस ट्रांसफर का जुगाड़ उपकरण और चार बांसुरियां भी जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन उपकरणों की मदद से घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से अन्य सिलेंडरों में गैस भरी जाती थी।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रसद विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, छापेमारी की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस तरह व्यावसायिक उपयोग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे गंभीर दुर्घटना और आग लगने का खतरा भी बना रहता है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।