जयपुर में प्याज की फसल के बीच अवैध अफीम की खेती का खुलासा, वीडियो में देंखे 363 पौधे जब्त
राजधानी जयपुर में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के धंधे का बड़ा खुलासा किया है। यहां प्याज की फसल के बीच छिपाकर अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। मामले का खुलासा जयपुर वेस्ट पुलिस की कार्रवाई में हुआ।
पुलिस के अनुसार खोराबीसल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के किशनपुरा गांव में एक व्यक्ति अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची और खेत की जांच की।
जांच के दौरान खेत में प्याज की फसल के बीच 363 अफीम के पौधे लगे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया। बरामद पौधों का कुल वजन करीब 65 किलो 500 ग्राम बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई पौधों के फलों पर चीरा लगा हुआ था, जिनसे अफीम का दूध निकल रहा था। इसी दूध को एकत्र कर आगे चलकर अफीम तैयार की जाती है। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थ तैयार करने के उद्देश्य से खेती कर रहा था।
मौके से पुलिस ने खेत मालिक रामलाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गांव किशनपुरा में बस स्टैंड के पास रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अकेले इस धंधे में शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।
पुलिस के अनुसार खेत में प्याज की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाने का मकसद उन्हें छिपाना था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन मुखबिर की सूचना के बाद की गई कार्रवाई में यह पूरा मामला सामने आ गया।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले समय में भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।