जयपुर के होटल में अवैध हुक्का बार पर छापा, मैनेजर गिरफ्तार, वीडियो में देंखे बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त
राजस्थान की राजधानी जयपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बड़ी छापेमारी की है। शहर के होटल ट्रेडिशनल हवेली में चल रहे कथित अवैध हुक्का बार पर बुधवार देर रात दबिश दी गई, जहां से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से हुक्का बार के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। साथ ही वहां से 7 हुक्के, हुक्का संबंधित सामग्री और भारी मात्रा में तंबाकू फ्लेवर जब्त किया गया है। यह कार्रवाई सीएसटी टीम और थाना सदर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में की गई।
डीसीपी क्राइम संजीव नैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है, जिसके बाद जांच शुरू की गई। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल में छापा मारा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल में लंबे समय से बिना अनुमति हुक्का बार चलाए जाने की आशंका जताई जा रही थी। छापेमारी के दौरान वहां मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई और पूरे परिसर की तलाशी ली गई।
बरामद की गई सामग्री को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध हुक्का बार का संचालन किन लोगों की मिलीभगत से किया जा रहा था और क्या इसमें होटल प्रबंधन की भी भूमिका थी।अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का बार संचालन नियमों के तहत प्रतिबंधित है और इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और तेज की जाएगी, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर रोक लगाई जा सके।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार मैनेजर से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।