जयपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड, फुटेज में देंखे 8 की मौत; लापरवाही पर SHO समेत 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड
राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।
हादसे के बाद बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खोह नागोरियान थाने के एसएचओ ओमप्रकाश मातवा सहित कुल 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (क्राइम) को पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। यह फैक्ट्री याकूब और उसके बड़े भाई कयूम के मकान में संचालित हो रही थी। दोनों का निवास रहीम नगर सेकंड क्षेत्र में बताया जा रहा है, जहां उन्होंने कथित तौर पर दो मंजिला लग्जरी विला बना रखा है।
स्थानीय स्तर पर याकूब पर भूमाफिया होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह इलाके में प्रभावशाली नेटवर्क रखता है, जिसके चलते अवैध गतिविधियों पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।अग्निकांड के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया था, लेकिन आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कई लोगों को बचाया नहीं जा सका। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध पटाखा निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि इस तरह की अवैध फैक्ट्री को चलने की अनुमति कैसे मिलती रही और जिम्मेदारी तय करने में चूक कहां हुई।फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।