जयपुर में फार्म हाउस पर अवैध कैसीनो का भंडाफोड़, फुटेज में देंखे 20 जुआरी गिरफ्तार
राजधानी जयपुर में अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक फार्म हाउस में चल रहे अवैध कैसीनो का खुलासा किया है। भांकरोटा क्षेत्र में चल रहे इस गुप्त जुआ अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर करीब 20 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। जब्त सामान में 5.82 लाख रुपए नकद, 27 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 6 हुक्के और कैसीनो में उपयोग होने वाली मशीन शामिल हैं। इसके अलावा जुए से जुड़ी अन्य सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध कैसीनो का संचालन एक किराए के फार्म हाउस में किया जा रहा था, जिसे विशेष रूप से जुए की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस कैसीनो का संचालन प्रदीप लालवानी द्वारा किया जा रहा था, जबकि हुक्के और फ्लेवर की व्यवस्था विकास दुबे द्वारा की गई थी। पुलिस के मुताबिक, यहां आने वाले ज्यादातर लोग राजस्थान के बाहर के थे, जो खास तौर पर जुए के लिए यहां पहुंचते थे।
पुलिस ने बताया कि कैसीनो में सभी लेन-देन नकद में किए जा रहे थे ताकि किसी भी तरह का डिजिटल रिकॉर्ड न रहे। इसके साथ ही, जुए में हार-जीत के बाद पैसों की कमी होने पर हवाला नेटवर्क के जरिए भुगतान की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे यह पूरा रैकेट और अधिक संगठित रूप में काम कर रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका दायरा कितना बड़ा है। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई शहर में चल रहे अवैध जुआ और संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।