जयपुर के दूदू में दिल दहला देने वाली वारदात, वीडियो में देखें पत्नी और 8 साल की बेटी की हत्या, कम सैलरी के ताने से था विवाद
राजस्थान के Jaipur जिले के दूदू इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी और 8 साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है। उसने अपनी पत्नी सरोज देवी (35) और बेटी वंशिका (8) की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
तलवार से पत्नी की हत्या, बेटी का गला दबाया
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना रात करीब 12 बजे की है। आरोपी ने पहले सो रही पत्नी पर तलवार से हमला कर उसका गला काट दिया। उसी समय पास में सो रही 8 साल की बेटी की नींद खुल गई। जब वह चिल्लाने लगी तो आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
7 घंटे तक शवों के पास बैठा रहा
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं। वह करीब 7 घंटे तक घर में पत्नी और बेटी के शवों के पास बैठा रहा। सुबह जब गांव के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो आरोपी घर से बाहर आया और बताया कि उसने अपनी पत्नी और बेटी को मार दिया है।
खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर मां-बेटी के शव मिले। आरोपी बाद में खुद पुलिस स्टेशन पहुंच गया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दो महीने से चल रहा था विवाद
ग्रामीणों और पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच पिछले करीब दो महीने से तनाव चल रहा था। आरोपी एक निजी नौकरी करता था और उसकी आय करीब 12 हजार रुपए प्रतिमाह बताई जा रही है। आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद को इस जघन्य अपराध की वजह माना जा रहा है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।