‘गोविंद जीव घणो घबरावे जी...’ वीडियो में देंखे जयपुर में भीषण गर्मी के बीच भक्तों की अनोखी प्रार्थना, मंदिर में किए गए खास इंतजाम
राजस्थान की राजधानी जयपुर इन दिनों नौतपा की भीषण गर्मी से तप रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। इस बीच विश्व प्रसिद्ध Govind Dev Ji Temple में भगवान श्रीगोविंद देवजी के दर्शन करने आने वाले भक्त भी अपने आराध्य के सामने अनोखे अंदाज में प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं।
मंदिर में इन दिनों लोक भजन की पंक्तियां खूब सुनाई दे रही हैं— “काहीं केहवां थाने गोविंद जीव घणो घबरावे जी, गर्मी घणी लागे जी, कूलर-पंखा फैल हो गया, अब ऐसी भी लगाव दो जी…”। भक्त भगवान से भीषण गर्मी से राहत की गुहार लगा रहे हैं। श्रद्धालुओं की यह भावनात्मक प्रार्थना मंदिर में आने वाले लोगों का ध्यान खींच रही है।
नौतपा की गर्मी में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
भीषण गर्मी के बावजूद ठाकुर श्रीगोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि तेज गर्मी और तपती धूप को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर जगह-जगह कूलर, पंखे और पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गर्म फर्श से राहत देने के लिए कई स्थानों पर कारपेट और मैट भी बिछाए गए हैं, ताकि भक्तों को नंगे पैर चलने में परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए विशेष प्रबंध
मंदिर प्रशासन का कहना है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए भक्तों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े लोगों को राहत देने के लिए अतिरिक्त पंखे लगाए गए हैं। वहीं पेयजल की व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।कुछ स्थानों पर छायादार टेंट लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु तेज धूप से बच सकें। मंदिर प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भजन
भगवान गोविंद देवजी के सामने गाए जा रहे ये लोक भजन अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। लोग इसे राजस्थान की लोक संस्कृति और भक्तों की सच्ची भावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं। कई श्रद्धालु कहते नजर आ रहे हैं कि जब इंसान गर्मी से परेशान है तो वह अपने भगवान की चिंता भी उसी प्रेम से करता है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
जयपुर समेत राजस्थान के कई जिलों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है। हालांकि कुछ इलाकों में मौसम बदलने और हल्की बारिश के संकेत भी मिले हैं।फिलहाल, ठाकुर श्रीगोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ-साथ गर्मी से राहत के लिए किए गए विशेष इंतजाम लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।