गहलोत ने जगदीप धनखड़ के सरकारी बंगले का मुद्दा उठाया, वीडियो में बोले- प्रधानमंत्री करें हस्तक्षेप; राजस्थान की सियासत में सक्रियता पर भी दिया बयान
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सरकारी आवास आवंटित किए जाने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि धनखड़ को पद छोड़ने या इस्तीफा देने के बाद भी टाइप-8 श्रेणी का बंगला मिलना चाहिए। गहलोत के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति, पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्रियों को इस तरह का सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।गहलोत ने यह बात दिल्ली से लौटने के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि धनखड़ को दो साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन अभी तक उनके बंगले को लेकर कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में वे कहां रह रहे हैं? किसी दोस्त के फार्म हाउस में रहना उनके लिए उचित नहीं है।
गहलोत ने धनखड़ के आवास को लेकर सरकार पर सवाल उठाए
गहलोत ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति का अपना अलग महत्व और गरिमा होती है। देश-विदेश से आने वाले लोग पूर्व राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलना चाहते हैं। प्रवासी भारतीय भी उनसे मुलाकात करना चाहते हैं। ऐसे में उनके लिए उचित सरकारी आवास की व्यवस्था होनी चाहिए।उन्होंने बताया कि उन्हें अब तक यह जानकारी नहीं मिली है कि धनखड़ को टाइप-8 बंगले का प्रस्ताव दिया गया है या नहीं। यहां तक कि टाइप-7 या टाइप-6 श्रेणी का आवास देने को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। गहलोत ने कहा कि इस मामले में जल्द फैसला होना चाहिए।
कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनने की चर्चा पर क्या बोले गहलोत?
जयपुर एयरपोर्ट पर बातचीत के दौरान गहलोत से कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसी बातें वे पिछले तीन साल से सुन रहे हैं। फिलहाल वे न तो राजस्थान में सक्रिय रूप से शामिल हैं और न ही दिल्ली की राजनीति में उनकी कोई भूमिका है।गहलोत ने कहा कि इस संबंध में उनसे किसी ने कोई चर्चा नहीं की है और न ही कोई संकेत दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में उनके बारे में कई तरह की बातें चलती रहती हैं।
राजस्थान से दूर नहीं रहने की कही बात
राजस्थान की राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर गहलोत ने कहा कि वे प्रदेश से दूर नहीं हैं। किसी पद पर रहें या नहीं, राजस्थान के लोगों की सेवा करने की उनकी भावना आगे भी बनी रहेगी। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में आगे भी सक्रिय रहने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।