जयपुर में होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक्सक्लूसीव वीडियो में देंखे स्टाफ पर जानलेवा हमला; दो आरोपी गिरफ्तार
Jaipur में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शहर में गुरुवार रात एक होटल पर फायरिंग कर होटल स्टाफ पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक पर आए दो हमलावरों ने होटल के अंदर घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।यह सनसनीखेज वारदात गुरुवार रात करीब 10 बजे माउंट रोड स्थित Hotel Mount View Beer Bar में हुई। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी (नॉर्थ) Karan Sharma ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी Gautam Sain और Rahees को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार होटल स्टाफ मनोज कुमार ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह गुरुवार रात होटल के काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर रहीस और गौतम वहां पहुंचे। दोनों होटल के अंदर घुसे और देसी कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी।रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने होटल स्टाफ को निशाना बनाकर कुल चार राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली मनोज कुमार के कान के बेहद करीब से निकल गई और होटल की दीवार में जा लगी। होटल परिसर की अलग-अलग जगहों पर गोलियों के निशान मिले हैं। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनते ही होटल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग टेबल छोड़कर बाहर की ओर भागे, जबकि आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
डीसीपी करन शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले के पीछे असली वजह क्या थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से लाए गए।
शहर में लगातार सामने आ रही फायरिंग और हिंसक घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है और खुलेआम हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।