जयपुर के SMS अस्पताल में फिर लगी आग, वीडियो में जानें मेडिकल इमरजेंसी के पास इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट से हादसा, समय रहते पाया गया काबू
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि जिस जगह आग लगी, वहां उस समय कोई मरीज या स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, आग मेडिकल इमरजेंसी के पास बने मां योजना काउंटर के नजदीक स्थित एक चैंबर में लगी थी। दोपहर करीब 12 बजे कमरे के अंदर लगे इलेक्ट्रिकल पैनल से अचानक धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। यह देखकर मौके पर मौजूद स्टाफ घबरा गया और तुरंत इसकी सूचना सिक्योरिटी गार्ड और अस्पताल प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही अस्पताल की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और तुरंत फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। फायरफाइटर्स की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग इलेक्ट्रिकल पैनल के अंदर ही सीमित रही, जिससे आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मेडिकल सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। एहतियात के तौर पर संबंधित इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच करवाई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
गौरतलब है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर आग लगने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय होती हैं। हालांकि, इस बार समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।