×

जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, फुटेज में देखें तेज रफ्तार कार ने बाप-बेटे को रौंदा, पिता की मौत, बेटा घायल

 

राजधानी जयपुर में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता की जान चली गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। तेज रफ्तार कार ने पैदल घर लौट रहे बाप-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/TrlHFEWpE24?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/TrlHFEWpE24/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

यह हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे कलेक्ट्रेट सर्किल के पास कबीर मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, निवारू रोड स्थित राधा कृष्णा कॉलोनी निवासी हनुमान पुत्र भूराराम अपने बेटे अमित के साथ कलेक्ट्रेट सर्किल के पास चाट का ठेला लगाते थे। रोज की तरह बुधवार को भी दोनों रात करीब 10 बजे ठेला समेटकर पैदल अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान कलेक्ट्रेट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही एक्सीडेंट थाना पुलिस (वेस्ट) मौके पर पहुंची और घायल बाप-बेटे को एंबुलेंस के जरिए एसएमएस हॉस्पिटल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने हनुमान की गंभीर हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हनुमान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

हादसे में घायल बेटे अमित को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अमित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार बहुत तेज गति से आई थी और उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला।

पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में ओवर स्पीड हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस आरोपी ड्राइवर से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे में तो नहीं था।

इस हादसे के बाद इलाके में रहने वाले लोगों में रोष देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि कबीर मार्ग पर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों का चलना आम बात हो गई है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।