×

जयपुर में शराबी बदमाशों का तांडव: जूस सेंटर में घुसकर संचालक पर लोहे के पाइप से हमला, फुटेज में देंखे सिर में आए 12 टांके

 

राजधानी जयपुर के राजापार्क क्षेत्र में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। देर रात शराब के नशे में धुत कार सवार दो युवकों ने एक जूस सेंटर में घुसकर संचालक पर लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल जूस सेंटर संचालक वैभव को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर 12 टांके लगाने पड़े।घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/sQ9uSwX4eWg?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/sQ9uSwX4eWg/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

बिना किसी विवाद के शुरू कर दिया हमला

घायल वैभव के अनुसार, वह देर रात अपनी दुकान पर बैठा हुआ था, जबकि स्टाफ सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान एक कार दुकान के सामने आकर रुकी और उसमें से दो युवक बाहर निकले।वैभव का आरोप है कि दोनों युवक बिना किसी बातचीत या विवाद के सीधे दुकान के अंदर घुसे और लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं सका।

बचने की कोशिश की, लेकिन लगातार करते रहे वार

वैभव ने बताया कि उसने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार उस पर हमला करते रहे। मारपीट के दौरान उसका चश्मा भी गिर गया, जिससे उसे बचाव करने में और कठिनाई हुई।हमलावरों ने सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में लगे 12 टांके

घटना के बाद घायल वैभव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके सिर पर 12 टांके लगाए। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

'जान से मारने की नीयत से किया हमला'

वैभव का आरोप है कि हमलावर उसे जान से मारने की नीयत से आए थे। उनका कहना है कि आरोपियों ने किसी तरह की कहासुनी किए बिना सीधे हमला किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वारदात सुनियोजित हो सकती है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम था या फिर नशे में की गई आपराधिक हरकत। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।