×

NIA के स्वर्ण जयंती समारोह में ड्रोन से मची हलचल, सीएम सुरक्षा अलर्ट, वीडियो में देंखे पुलिस ने तुरंत उतरवाया ड्रोन

 

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल के ऊपर एक ड्रोन उड़ता नजर आया। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सीएम सिक्योरिटी टीम ने ड्रोन को देखते ही तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। संभावित सुरक्षा खतरे को भांपते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्रोन को नीचे उतरवा लिया।

जानकारी के अनुसार, जिस पंडाल के ऊपर ड्रोन उड़ रहा था, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रताप राव जाधव का संबोधन प्रस्तावित था। वीआईपी मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं। ऐसे में ड्रोन की मौजूदगी ने सुरक्षा अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/p5MpOYv3Or0?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/p5MpOYv3Or0/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत ड्रोन ऑपरेटर की पहचान कर उसे नियंत्रित किया और उपकरण को जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना नियमों का उल्लंघन है, खासकर जब कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जैसे उच्च पदस्थ नेता मौजूद हों। मामले की जांच की जा रही है कि ड्रोन किस उद्देश्य से उड़ाया गया था।

सोमवार को जयपुर स्थित एनआईए परिसर में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन भव्य स्तर पर किया गया। संस्थान की 50 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए विशेष कार्यक्रम, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी रखी गईं। देशभर से आयुर्वेद विशेषज्ञ, विद्यार्थी और गणमान्य अतिथि इस समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा और आधुनिक चिकित्सा में उसकी बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रताप राव जाधव ने आयुष पद्धतियों के विस्तार और शोध को बढ़ावा देने की बात कही।

हालांकि ड्रोन की घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई, साथ ही एंट्री प्वाइंट्स पर भी सख्ती बढ़ा दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है।