IPL टिकटों के नाम पर बढ़ा साइबर फ्रॉड, वीडियो में देंखे राजस्थान पुलिस ने जारी की विशेष एडवाइजरी
IPL सीजन के दौरान टिकटों की भारी मांग के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इसी को देखते हुए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि क्रिकेट प्रेमियों को फर्जी वेबसाइटों, सोशल मीडिया लिंक और नकली टिकट ऑफर्स के जरिए ठगा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी IPL टिकटों की कमी और अधिक मांग का फायदा उठाकर लोगों को सस्ते या गारंटीड टिकट का लालच दे रहे हैं। इसके बाद वे ऑनलाइन पेमेंट या लिंक के जरिए लोगों की निजी जानकारी और बैंक डिटेल्स हासिल कर उनकी मेहनत की कमाई हड़प रहे हैं।
एसपी (साइबर क्राइम) शान्तनु कुमार सिंह ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस समय साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया पोस्ट या व्हाट्सएप मैसेज पर भरोसा न करें, जो IPL टिकट उपलब्ध कराने का दावा करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म और आधिकारिक काउंटर से ही खरीदें और किसी भी स्थिति में संदिग्ध वेबसाइट या व्यक्तिगत अकाउंट में पैसे ट्रांसफर न करें। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है, तो तुरंत कार्रवाई जरूरी है।
एसपी ने बताया कि ऐसे मामलों में बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा पीड़ित व्यक्ति अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन में भी तुरंत रिपोर्ट दर्ज करा सकता है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और नुकसान को कम किया जा सके।
पुलिस ने यह भी कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। आम जनता को चाहिए कि वह किसी भी ऑफर की सत्यता की जांच किए बिना भुगतान न करे और केवल विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करे।
IPL के बढ़ते क्रेज के बीच इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि साइबर अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।