कॉमर्शियल गैस सिलेंडर फिर महंगा, वीडियो में देंखे जयपुर में 62.50 रुपये बढ़े दाम
पेट्रोलियम कंपनियों ने अक्टूबर महीने की शुरुआत में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घरों में इस्तेमाल होने वाला 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर पुराने दाम पर ही मिलेगा।राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के मुताबिक, तेल कंपनियों की ओर से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी कर दिए गए हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद जयपुर में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2837.50 रुपये का हो गया है। इससे पहले इसकी कीमत 2775 रुपये थी। इस तरह होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग कारोबार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर की लागत बढ़ गई है।
सितंबर में भी बढ़े थे दाम
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सितंबर में तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 10 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद अक्टूबर की शुरुआत में एक बार फिर कीमत बढ़ाई गई है।इससे पहले अगस्त में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 192 रुपये की बड़ी कमी की गई थी। वहीं जुलाई में भी कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती की थी। इसके बाद सितंबर और अक्टूबर में कीमतों में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिली है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा होने के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। तेल कंपनियों ने घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं पर अक्टूबर में इस बढ़ोतरी का सीधा असर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे खाद्य कारोबारियों की लागत बढ़ सकती है। कारोबारियों के लिए गैस खर्च उत्पादन लागत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। ऐसे में बढ़ी हुई कीमतों का असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है, हालांकि इसका वास्तविक असर कारोबारियों द्वारा तय किए जाने वाले रेट पर निर्भर करेगा। तेल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमत, कच्चे तेल के दाम और अन्य लागतों में बदलाव के आधार पर कॉमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया जा सकता है।