×

जयपुर में कोचिंग स्टूडेंट का अपहरण, 7 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा; फुटेज में देंखे हाथ-पैर तोड़कर 200 किमी दूर सड़क किनारे छोड़ा

 

जयपुर से एक कोचिंग स्टूडेंट के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने स्टूडेंट को अगवा कर करीब सात घंटे तक बंधक बनाकर रखा और लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में उसके हाथ-पैर टूट गए। इसके बाद आरोपी उसे करीब 200 किलोमीटर दूर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। मामले में शिवदासपुरा थाना पुलिस ने घायल युवक के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक को करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोचिंग जाते समय किया अपहरण

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/LHoGfZjb3Ow?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/LHoGfZjb3Ow/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

ASI जयसिंह के मुताबिक, करौली के मामचारी निवासी मनोज पर जानलेवा हमला किया गया। मनोज जयपुर के गोनेर रोड स्थित बैरवा कॉलोनी में किराए के कमरे में रहकर रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

मनोज ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने कमरे से कोचिंग जाने के लिए निकला था। महात्मा गांधी हॉस्पिटल के पीछे पहुंचते ही घात लगाकर बैठे 5-6 युवकों ने उसे रोक लिया।आरोप है कि युवकों ने मनोज का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उनमें से एक युवक ने उससे उसके भाई के बारे में सवाल किया। आरोपी ने कथित तौर पर पूछा कि उसका भाई उसकी पत्नी को भगाकर क्यों ले गया है।

चलती कार में भी की मारपीट

मनोज के अनुसार, इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जबरन कार में डाल लिया। इसके बाद उसका अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि कार के चलने के दौरान भी आरोपी उसके साथ लगातार मारपीट करते रहे।मनोज ने पुलिस को बताया कि उसे करीब सात घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लाठी-डंडों से भी हमला किया गया, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और वे टूट गए।

200 किलोमीटर दूर सड़क किनारे छोड़ा

आरोपियों ने मारपीट के बाद मनोज को जयपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर सड़क किनारे पटक दिया और मौके से फरार हो गए। घायल हालत में मनोज को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।शिवदासपुरा थाना पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। घटना की वजह और अपहरण में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।