विधानसभा में हंगामे के बीच बोले सीएम भजनलाल शर्मा, वीडियो में देखें कहा- दो साल में संकल्प पत्र के 285 वादे पूरे किए
भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजस्थान विधानसभा में हंगामे के बीच सरकार के दो साल के कामकाज पर जवाब दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने सरकार को चुनौती दी थी और सरकार ने उस चुनौती को स्वीकार करते हुए सदन में प्रस्ताव पेश किया।
राजस्थान विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र 2023 के वादों को तेजी से पूरा करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने दावा किया कि संकल्प पत्र में शामिल कुल 352 बिंदुओं में से 285 बिंदुओं पर सरकार ने केवल दो साल के भीतर ही क्रियान्वयन कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने के लिए ठोस आधार नहीं है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस का तो कॉलम ही खाली है। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्या किया, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं है।"
सीएम भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर पूर्व सीएम खुद मैदान में आकर बहस करते, तो जनता को यह साफ पता चल जाता कि पांच साल का कार्यकाल और दो साल का कार्यकाल में कितना अंतर होता है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया है और आने वाले समय में बाकी बचे वादों को भी पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है।
विधानसभा में मुख्यमंत्री के जवाब के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार हंगामे की स्थिति भी बनी रही। विपक्ष के सदस्यों ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए, जबकि सत्ता पक्ष के विधायकों ने मुख्यमंत्री के जवाब का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उनकी सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए लगातार काम कर रही है और प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार अपने सभी संकल्पों को तय समय में पूरा करेगी।