जयपुर के नामी स्कूल के बाहर छात्रों में मारपीट, वीडियो में जाने 11वीं के छात्र के हाथ में फ्रैक्चर; लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
जयपुर के एक नामी निजी स्कूल के बाहर छात्रों के बीच हुई लड़ाई में 11वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्रों के बीच चल रहे विवाद में एक छात्र और उसके भाई ने लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान छात्र के हाथ में गंभीर चोट आई। आरोपियों ने उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पीड़ित 16 वर्षीय छात्र की ओर से अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल की छुट्टी के बाद रास्ते में रोका
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुरी निवासी 16 वर्षीय छात्र शहर के एक नामी निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता है। शिकायत में छात्र ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद वह बाइक से घर जाने के लिए निकला था। आरोप है कि स्कूल गेट के पीछे 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने उसे जबरन रोक लिया। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक अन्य छात्र से भी उसका पहले से विवाद चल रहा था।
सिर पर वार से बचने पर कोहनी में लगी रॉड
पीड़ित छात्र का आरोप है कि हाथापाई के दौरान 9वीं कक्षा के छात्र और उसके भाई ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि सिर पर रॉड से वार किया गया, लेकिन बचाव करने के दौरान रॉड उसकी कोहनी पर लग गई।चोट लगने के बाद छात्र नीचे गिर गया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद भी उस पर लोहे की रॉड और डंडे से पीठ पर कई वार किए गए। मारपीट में उसके हाथ में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया।
बाइक को भी रॉड और डंडे से तोड़ा
मारपीट के बाद आरोपियों ने पीड़ित छात्र की बाइक को भी निशाना बनाया। शिकायत के अनुसार, बाइक पर लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया।घटना के बाद घायल छात्र ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
अशोक नगर थाने के हेड कॉन्स्टेबल महिपाल के मुताबिक, 16 वर्षीय छात्र की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले में घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल छात्रों की भूमिका की जांच कर रही है।नाबालिग छात्रों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।