जयपुर सेंट्रल पार्क से CA का पिस्टल-चाकू की नोक पर अपहरण, वीडियो में देंखे हादसे के बाद बदमाश फरार
जयपुर के वीआईपी इलाके में स्थित सेंट्रल पार्क से एक 50 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मॉर्निंग वॉक के बाद अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे सीए राजीव गुप्ता को दो बदमाशों ने पिस्टल और चाकू की नोक पर कथित तौर पर अगवा कर लिया। बदमाश उन्हें कार में बैठाकर आमेर थाना क्षेत्र की ओर ले गए। इसी दौरान राजीव गुप्ता ने चलती कार से मदद मांगने की कोशिश की, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी सीए को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मॉर्निंग वॉक के बाद कार में घुसे बदमाश
पुलिस को दी शिकायत में राजीव गुप्ता ने बताया कि वह मोती डूंगरी थाना क्षेत्र में रहते हैं। बुधवार को वह सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे थे। वॉक पूरी करने के बाद जब वह अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे थे, तभी दो बदमाश कथित तौर पर पिस्टल और चाकू लेकर उनकी कार में घुस गए।आरोपियों ने उन्हें धमकाया और कार को अपने कब्जे में लेकर आमेर थाना क्षेत्र की तरफ ले जाने लगे। इस दौरान राजीव गुप्ता ने हिम्मत दिखाते हुए चलती कार का गेट खोलकर बाहर से मदद मांगने की कोशिश की।
मदद मांगते ही बेकाबू हुई कार
राजीव गुप्ता के मुताबिक, चलती कार से मदद मांगने की कोशिश के दौरान आरोपी ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार एक बाइक से टकराने के बाद पलट गई। हादसा होते ही दोनों आरोपी मौके पर सीए को छोड़कर फरार हो गए।घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। एसीपी पूनम ने बताया कि राजीव गुप्ता की शिकायत पर अशोक नगर थाने में किडनैपिंग की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
गेट नंबर-4 से हुआ अपहरण, CCTV खराब
इस घटना ने सेंट्रल पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, सीए का अपहरण पार्क के गेट नंबर-4 से किया गया। खास बात यह है कि इस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब बताए जा रहे हैं।सेंट्रल पार्क जयपुर के बेहद महत्वपूर्ण इलाके में स्थित है। पार्क के एक तरफ राजस्थान सचिवालय और दूसरी तरफ हाईकोर्ट जैसे प्रमुख संस्थान हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री और दूसरे वीआईपी भी यहां मॉर्निंग वॉक तथा विभिन्न कार्यक्रमों के लिए आते-जाते रहते हैं।
वीआईपी पार्क में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
जिस सेंट्रल पार्क में अक्सर वीआईपी गतिविधियां रहती हैं, वहीं से दिन के समय एक सीए को कथित तौर पर हथियारों के बल पर अगवा किए जाने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। खराब सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है। साथ ही यह भी जांच का विषय होगा कि बदमाश पार्क तक कैसे पहुंचे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस सीसीटीवी के अलावा अन्य तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।