जयपुर में उधारी विवाद में व्यापारी की हत्या, आरोपी ने शव छुपाने की कोशिश; एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे पुलिस ने किया गिरफ्तार
राजधानी जयपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां करीब एक करोड़ रुपये की उधारी चुकाने से बचने के लिए एक व्यक्ति ने अपने ही व्यापारी दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपने व्यापारी दोस्त को पैसे लौटाने के बहाने बुलाया था। मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने सबूत छिपाने के लिए शव को प्लास्टिक के बोरे में डालकर अपने घर के पास चारे में छुपा दिया।
करीब 30 घंटे बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपने एक अन्य दोस्त की वैगनआर कार ली और शव को डिक्की में डालकर गांव से बाहर ले गया। हालांकि, वह शव को कहीं फेंकने में सफल नहीं हो पाया।बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी ने अपने दूसरे दोस्त को भी मदद के लिए बुलाया, लेकिन उसने स्थिति को संदिग्ध समझते हुए तुरंत शिवदासपुरा पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वारदात के बाद लोगों को गुमराह करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। उसने मृतक के लापता होने का वॉट्सएप स्टेटस भी लगाया, ताकि शक उस पर न जाए।फिलहाल पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस निर्मम वारदात से हैरान हैं।