☰
×

जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर बुलडोजर कार्रवाई फिलहाल रुकी, पहले पट्टों की होगी जांच; मंत्री खर्रा ने JDA से मांगी रिपोर्ट, वीडियो में जानें पूरा मामला

 

जयपुर के न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण को लेकर चल रही कार्रवाई पर फिलहाल विराम लग गया है। नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने प्रभावित मकानों और दुकानों के पट्टों की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और नगर निगम के अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी है। बुधवार को एक बार फिर इस मामले में बैठक होगी, जिसमें दस्तावेजों और सड़क के अलाइनमेंट की समीक्षा की जाएगी।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/cZadPpxcFzA?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/cZadPpxcFzA/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

वैध पट्टों वाले निर्माणों की पहले होगी जांच

न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने विरोध जताया था। उनका कहना है कि जिन मकानों और दुकानों को कार्रवाई के दायरे में लिया जा रहा है, उनमें से कई के पास नगर निगम या अन्य सरकारी विभागों की ओर से जारी पट्टे और दस्तावेज मौजूद हैं।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को अपने आवास पर JDA और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें JDA सचिव गौरव सैनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों के पट्टों और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। इसके बाद ही तय किया जाए कि कौन से निर्माण वैध हैं और कहां अतिक्रमण हुआ है।

JDA और नगर निगम के नक्शों में 22 फीट का अंतर

इस पूरे विवाद की बड़ी वजह दोनों सरकारी विभागों के रिकॉर्ड में अंतर है। मौके पर सड़क की चौड़ाई करीब 98 फीट बताई जा रही है, जबकि नगर निगम के पुराने पट्टों में सड़क की चौड़ाई 100 फीट दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। वहीं JDA की ओर से एक तरफ 24 फीट तक अतिक्रमण के निशान लगाए गए हैं।

प्रभावित व्यापारियों का सवाल है कि जब सरकारी विभाग ने सड़क की चौड़ाई के हिसाब से पट्टे जारी किए थे, तो अब उन्हीं निर्माणों को अतिक्रमण कैसे माना जा रहा है। उन्होंने संयुक्त सर्वे और सही पैमाइश कराने की मांग की है।

सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक चल रही कार्रवाई

JDA की ओर से सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.4 किलोमीटर लंबे हिस्से में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 1.3 से 1.4 किलोमीटर हिस्से में कार्रवाई हो चुकी है। शेष हिस्से में दस्तावेजों और सड़क की सीमा को लेकर समीक्षा की जा रही है।

30 नवंबर तक कार्रवाई पूरी करने की चुनौती

राजस्थान हाईकोर्ट ने 16 नवंबर को JDA को इस सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था। यह समयसीमा 30 नवंबर को पूरी हो रही है। मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होनी है, जिसमें JDA को कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट पेश करनी होगी।

ऐसे में मंत्री की बैठक और दस्तावेजों की जांच के बाद होने वाला फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बुधवार की बैठक में यह स्पष्ट हो सकता है कि न्यू सांगानेर रोड पर आगे कहां और किस तरह कार्रवाई की जाएगी।