जयपुर में ब्लाइंड मर्डर का 4 घंटे में खुलासा, फुटेज में देंखे भतीजे ने साथी संग पत्थर से की चाचा की हत्या, बिहार भागने से पहले दोनों गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी महज चार घंटे में सुलझा दी। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना भतीजा निकला। उसने अपने गांव के एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि केशव नगर इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर पर भारी पत्थर से वार किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
जांच की शुरुआत मृतक की पहचान कराने से हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इन सभी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बहुत कम समय में आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले मृतक और आरोपियों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। साथ ही गांव की पुरानी रंजिश भी हत्या की एक बड़ी वजह बनी। इसी विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर पत्थर से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार भागने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने समय रहते जाल बिछाया और उन्हें फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले के खुलासे में तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही। त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या विवाद के बाद अचानक इस वारदात को अंजाम दिया गया।जयपुर पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि बिना किसी प्रत्यक्ष गवाह के महज चार घंटे में ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।