जयपुर में बोलेरो और एम्बुलेंस की भीषण टक्कर, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 7 लोग घायल
Jaipur के हरमाड़ा इलाके में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बोलेरो और एम्बुलेंस की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गए। इस दुर्घटना में कुल सात लोग घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो वाहन में सवार चार लोग चौमूं से जयपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन Harmada Ghati के पास पहुंचा, तभी चालक ने एक लोक परिवहन बस को ओवरटेक करने की कोशिश की।
ओवरटेक के दौरान बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर को पार करते हुए रॉन्ग साइड में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रही एम्बुलेंस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में बोलेरो और एम्बुलेंस में सवार कुल सात लोग घायल हुए हैं। हालांकि किसी की हालत गंभीर होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना हो सकता है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हरमाड़ा घाटी क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण हादसे होते रहते हैं, जिससे यहां सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।