गैस-तेल संकट पर सर्वदलीय बैठक, वीडियो में देंखे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया भरोसा, पर्याप्त स्टॉक मौजूद
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच राजस्थान में गैस और तेल की स्थिति को लेकर गुरुवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में गैस और तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्थिति न तो केंद्र सरकार द्वारा, न राज्य सरकार द्वारा और न ही किसी राजनीतिक दल के कारण उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि यह एक वैश्विक परिस्थितियों का परिणाम है, जिस पर भारत सहित कई देश नजर बनाए हुए हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि केवल सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन चिंता करने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है और आम जनता को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं होनी चाहिए।
टीकाराम जूली ने यह भी कहा कि आपदा या संकट की इस स्थिति में विपक्ष सरकार के साथ है और जरूरत पड़ने पर पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। सरकार की ओर से भी यह संकेत दिया गया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि ईंधन आपूर्ति और कीमतों पर कोई नकारात्मक असर न पड़े। फिलहाल, राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखी गई हैं।