जयपुर के बाद जोधपुर, कोटा और उदयपुर में शुरू होगी 'भारत टैक्सी', वीडियो में जाने अगस्त तक मिल सकती है सेवा; ड्राइवर भी बनेंगे कंपनी के हिस्सेदार
राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन और टैक्सी सेवा के क्षेत्र में एक नई पहल शुरू होने जा रही है। जयपुर के बाद अब जल्द ही जोधपुर, कोटा और उदयपुर में भी 'भारत टैक्सी' सेवा की शुरुआत की जाएगी। जोधपुर शहर में इस सेवा को शुरू करने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और मैपिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है। दावा किया जा रहा है कि अगस्त महीने के अंत तक जोधपुर के लोगों को 'भारत टैक्सी' की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। वहीं, कोटा और उदयपुर में भी इसी महीने के अंत तक मैपिंग प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। इसके बाद इन शहरों में भी सेवा शुरू करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जोधपुर में ड्राइवरों का रजिस्ट्रेशन शुरू
'भारत टैक्सी' के विस्तार को लेकर जोधपुर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यहां ड्राइवर्स (सारथियों) के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं, कोटा और उदयपुर में अगले महीने से ड्राइवरों का रजिस्ट्रेशन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।कंपनी का उद्देश्य टैक्सी चालकों को एक संगठित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना और यात्रियों को बेहतर व भरोसेमंद परिवहन सुविधा देना है।
जयपुर में इसी महीने होगी आधिकारिक लॉन्चिंग
'भारत टैक्सी' की आधिकारिक लॉन्चिंग जयपुर में इसी महीने होने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर में इस सेवा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में इसे शुरू किया जाएगा।योजना के तहत जयपुर के बाद जोधपुर, उदयपुर और कोटा में सेवा विस्तार किया जाएगा। इससे यात्रियों को स्थानीय स्तर पर टैक्सी बुकिंग की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ड्राइवरों को मिलेगा कंपनी में भागीदारी का अधिकार
'भारत टैक्सी' की खास बात यह है कि इसमें ड्राइवरों को सिर्फ सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि कंपनी के सदस्य के रूप में भी जोड़ा जाएगा।कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चुनाव में ड्राइवर यानी सारथी भी मतदान कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें कंपनी के 5 शेयर खरीदने होंगे।एक शेयर की कीमत 100 रुपए रखी गई है। यानी 500 रुपए के शेयर खरीदने पर ड्राइवरों को कंपनी की सदस्यता मिल जाएगी और वे चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
टैक्सी चालकों को सशक्त बनाने की पहल
'भारत टैक्सी' को सहकारी मॉडल पर आधारित एक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें ड्राइवरों को अधिक अधिकार और भागीदारी देने की कोशिश की जा रही है।माना जा रहा है कि इस सेवा के शुरू होने से टैक्सी चालकों को रोजगार का स्थायी प्लेटफॉर्म मिलेगा, वहीं यात्रियों को भी सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।राजस्थान के बड़े शहरों में इसके विस्तार के बाद आने वाले समय में अन्य जिलों में भी 'भारत टैक्सी' सेवा शुरू किए जाने की संभावना है