जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: वीडियो में देंखे नगर निगम का जूनियर इंजीनियर 80 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JEN) को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर निर्माणाधीन मकान को सील नहीं करने और निर्माण कार्य नहीं रुकवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार, आरोपी जेईएन ने परिवादी से कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
शनिवार को एसीबी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। यह राशि आरोपी की कार के डैशबोर्ड से बरामद की गई। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि उसने पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण करने के लिए नगर निगम से विधिवत स्वीकृति ले रखी थी। इसके बावजूद आरोपी जेईएन और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निर्माण स्थल पर पहुंचे और मकान को दोबारा सील करने, वहां गार्ड तैनात करने तथा निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी देने लगे।
आरोप है कि जेईएन ने अपने और तत्कालीन उपायुक्त के नाम पर 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के कहने पर पहले 20 हजार रुपये एक कर्मचारी के माध्यम से ले लिए गए थे।
एसीबी अब पूरे मामले में अन्य संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।