जयपुर में आज फिल्मी सितारों का जमावड़ा, फुटेज में देंखे शाहबाज खान से जाह्नवी कपूर तक पहुंचे; मामे खान भी देंगे परफॉर्मेंस
जयपुर में बुधवार को एयर इंडिया की फ्लाइट से एक के बाद एक कई फिल्मी हस्तियों के पहुंचने से शहर में ग्लैमर का रंग देखने को मिला। वरिष्ठ अभिनेता शाहबाज खान, अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला, जाह्नवी कपूर और पूजा चोपड़ा अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए जयपुर पहुंचे। राजस्थान के मशहूर लोक कलाकार मामे खान भी जयपुर पहुंचे हैं। वह यहां आयोजित होने वाले एक कॉन्सर्ट में प्रस्तुति देते नजर आएंगे।फिल्मी सितारों के जयपुर पहुंचने की खबर के बाद एयरपोर्ट पर उनके प्रशंसकों में भी उत्साह देखने को मिला। कई कलाकारों ने फैंस का अभिवादन किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
राजस्थानी सिनेमा अवॉर्ड्स में शामिल होंगे शाहबाज खान
जयपुर पहुंचने वाले सितारों में सबसे पहले अभिनेता शाहबाज खान शामिल रहे। वह चौमूं में आयोजित होने वाले राजस्थानी सिनेमा अवॉर्ड्स में हिस्सा लेने के लिए जयपुर आए हैं।इस कार्यक्रम में राजस्थानी सिनेमा से जुड़े कलाकारों और फिल्मकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में राजस्थान की फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों के शामिल होने की उम्मीद है।
जाह्नवी कपूर करेंगी बड़े ब्रांड की लॉन्चिंग
इसके बाद अभिनेत्री जाह्नवी कपूर भी जयपुर पहुंचीं। वह बुधवार शाम देश के एक बड़े ब्रांड की लॉन्चिंग से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।कार्यक्रम के दौरान जाह्नवी कपूर अपने प्रशंसकों से भी रूबरू होंगी। उनके जयपुर पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद उनके फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला।
पूजा चोपड़ा ने फैंस के साथ खिंचवाई तस्वीरें
अभिनेत्री पूजा चोपड़ा भी जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आईं। वह काफी सहज और कूल अंदाज में दिखाई दीं। एयरपोर्ट पर मौजूद फैंस ने उनके साथ तस्वीरें लेने की इच्छा जताई, जिसे उन्होंने स्वीकार किया।पूजा चोपड़ा जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची हैं। एयरपोर्ट पर उन्होंने फैंस का अभिवादन भी किया और उनके साथ फोटो खिंचवाई।
शोभिता धुलिपाला और मामे खान भी जयपुर पहुंचे
अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला भी आज जयपुर पहुंची हैं। वह शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहीं राजस्थान के मशहूर लोक कलाकार मामे खान भी जयपुर पहुंचे हैं।मामे खान यहां एक कॉन्सर्ट में अपनी लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे। ऐसे में बुधवार को जयपुर में बॉलीवुड सितारों के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति और संगीत का भी रंग देखने को मिलेगा।जयपुर में एक ही दिन कई फिल्मी हस्तियों और कलाकारों के पहुंचने से शहर में मनोरंजन जगत से जुड़े आयोजनों को लेकर हलचल बढ़ गई है।